बजरंग दल कार्यकर्ता हर्ष हत्याकांड में 6 गिरफ्तार, 12 से पूछताछ
कर्नाटक: कर्नाटक के शिमोगा में बजरंग दल कार्यकर्ता हर्ष की हत्या मामले में अब तक कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शिमोगा के एसपी लक्ष्मी प्रसाद ने मंगलवार 22 फरवरी को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुल छह लोगों को गिरफ्तार करने के अलावा 12 लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हर्ष के अंतिम संस्कार के दौरान सोमवार को हिंसा की कुछ घटनाएं हुईं, जिसमें महिला पुलिसकर्मी समेत कई लोग घायल हो गए। उपद्रवियों ने कई वाहनों और दुकानों में तोड़फोड़ कर आगजनी की। हालांकि पुलिस ने जल्द ही हालात पर काबू पा लिया। इलाके में इसके बाद धारा-144 लगा दी गई। शिवमोगा पुलिस ने बताया था कि भारती कॉलोनी की रवि वर्मा गली में रविवार रात अज्ञात हमलावरों ने हर्ष नामक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू से वार करके हत्या कर दी। 23 साल का हर्ष बजरंग दल का कार्यकर्ता था। हिजाब विवाद के बाद कर्नाटक में बजरंग दल के कार्यकर्ता हर्ष की हत्या ने राजनीतिक रंग ले लिया है। कर्नाटक सरकार के मंत्री और शिवमोगा के विधायक केएस ईश्वरप्पा ने खुलकर कहा है कि इस हत्या के पीछे मुस्लिम गुंडे जिम्मेदार हैं।
हर्ष की हत्या से इलाके में तनाव की स्थिति है। पूरे इलाके में कर्फ्यू लगाकर RAF की तैनाती की गई है। वहीं शिवमोगा के डिप्टी कमिश्नर डॉ सेल्वामणि ने कहा, इलाके में धारा 144 को दो और दिन शुक्रवार सुबह तक के लिए बढ़ा दिया गया है| दो दिन तक स्कूल बंद रहेंगे| स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी| उन्होंने कहा कि जिले में कर्फ्यू को बढ़ाया गया है| सुबह 6 बजे से सुबह 9 तक लोग आ जा सकते हैं|
इंडिया टुडे से जुड़े नॉलन पिंटो की रिपोर्ट के मुताबिक इन आरोपियों के नाम काशिफ, सैयद नदीम, आसिफ खान, रेहान शरीफ, निहान और अब्दुल अफनान बताए हैं। काशिफ और नदीम की गिरफ्तारी सोमवार को ही कर ली गई थी। एसपी लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि सभी आरोपियों की उम्र 20 से 22 साल के बीच है।
वहीं, हर्ष के परिवार के लिए हिंदू संगठनों ने क्राउडफंडिंग से एक करोड़ रुपए जुटाने का अभियान चलाया है। अब तक 16 लाख रुपए इकट्ठा किए जा चुके हैं।