मनोरंजन

आयुष्मान ने ड्रीम गर्ल 2 के लिए फिर निर्देशन राज शांडिल्य और एकता के साथ अपना हाथ मिलाया

मुंबई: 2019 में आई आयुष्मान खुराना की फिल्म ड्रीम गर्ल ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। यही वजह है कि काफी समय से दर्शक इसके सीच्ल का इंतजार कर रहे हैं। ड्रीम गर्ल में आयुष्मान के कॉमिक कैरेक्ट ने दर्शकों को आकर्षित किया था। फिल्म का निर्देशन राज शांडिल्य ने किया था, जबकि एकता कपूर फिल्म की निर्माता थीं। खबर है कि आयुष्मान ने ड्रीम गर्ल 2 के लिए फिर राज और एकता के साथ अपना हाथ मिलाया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आयुष्मान ने ड्रीम गर्ल 2 के लिए राज और एकता के साथ बातचीत की है। एक सूत्र ने बताया, फिल्म ड्रीम गर्ल को फ्रेंचाइजी के रूप में बदलने के लिए आयुष्मान, एकता और राज उत्साहित हैं। टीम पिछले कुछ समय से स्क्रिप्ट पर काम कर रही है और चीजें फाइनल हो गई हैं। प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो गया है और फिल्म की शूटिंग इस साल जून में शुरू होने की उम्मीद है।

पहले भाग की तरह ड्रीम गर्ल 2 भी एक सोशल कॉमेडी फिल्म होगी। मनोरंजन के साथ-साथ फिल्म में दर्शकों के लिए एक खास संदेश भी होगा। सुनने में आ रहा है कि फिल्म की शूटिंग के लिए लोकेशंस को तय कर लिया गया है। साथ ही सेट्स की डिजाइनिंग का काम भी शुरू हो चुका है। जल्द फिल्म की आधिकारिक घोषणा हो सकती है। आयुष्मान के अलावा बाकी कास्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।

ड्रीम गर्ल में आयुष्मान के अलावा मनजोत सिंह और अन्नू कपूर भी अहम भूमिका में दिखे थे। विजय राज, नुसरत भरूचा और अभिषेक बनर्जी ने भी फिल्म में अपना जलवा दिखाया था। निर्देशन के अलावा फिल्म का लेखन भी राज ने ही किया था। कमाई के मामले में यह फिल्म काफी सफल रही थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 140 करोड़ रुपये की कमाई की थी।

आयुष्मान जल्द ही फिल्म डॉक्टर जी में नजर आएंगे। इसमें उनकी जोड़ी अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह के साथ बनी है। फिल्म में शेफाली शाह भी अहम भूमिका निभा रही हैं। आनंद एल राय की फिल्म एक्शन हीरो भी आयुष्मान के खाते से जुड़ी है। इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी अनिरुद्ध अय्यर के कंधे पर दी गई है। देश के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की बायोपिक में भी आयुष्मान मुख्य भूमिका निभाने वाले हैं।

आयुष्मान की फिल्म चंडीगढ़ करे आशिकी पिछले साल 10 दिसंबर को थिएटर में रिलीज हुई थी। यह फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हुई और इसने दर्शकों को निराश किया। फिल्म ने केवल 28 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। आप इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *