उत्तराखंडराष्ट्रीय

मतगणना से पहले कोई कर रहा बैठक की तैयारी तो कोई मन्दिरों में जा कर रहे पूजा-पाठ

देहरादून:- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने के लिए सात मार्च को एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक को पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी संबोधित करेंगे। बैठक में विधानसभा वार मतगणना की तैयारियों के लिए रणनीति बनेगी। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि 10 मार्च को मतगणना होनी है। इसकी तैयारी के लिए सुभाष रोड स्थित एक होटल में सात मार्च को एक बैठक रखी गई है। यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी। बैठक में मतगणना को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री के अलावा इसमें सभी सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, विधानसभा प्रत्याशी व सभी विधानसभा प्रभारी शामिल होंगे।

सक्रिय कार्यकर्ताओं का होगा चयन
मतगणना के दौरान हर टेबल पर भाजपा अपना एक-एक कार्यकर्ता तैनात करेगी। बैठक में पार्टी के सक्रिय और तेजतर्रार कार्यकर्ताओं के बारे में चर्चा होगी। इसके लिए बैठक में उपस्थित प्रत्याशियों व पार्टी पदाधिकारियों से भी सुझाव मांगे जाएंगे।

मदन कौशिक पहुंचे वैष्णो देवी
भोपाल में महाकाल के मंदिर में दर्शन करने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए जम्मू रवाना हो गए हैं।उत्तराखंड में 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित हो जाएंगे। इससे पहले सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी भगवान के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार मंदिरों व शिवालयों में दर्शन कर रहे हैं।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक कुछ दिन पूर्व राजधानी भोपाल में महाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे तो बृहस्पतिवार को उन्होंने जम्मू का रुख किया। बताया गया कि वहां वह माता वैष्णोदेवी के दर्शन करने गए हैं और उनका शुक्रवार तक लौटने का कार्यक्रम है। कांग्रेस व अन्य दलों के प्रत्याशी भी भगवान के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *