उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभा यात्रा में किया प्रतिभाग, दो साल बाद निकाली गई टपकेश्वर महादेव की 21वीं शोभा यात्रा

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सहारनपुर चौक, देहरादून में टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभा यात्रा में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज ने पूजा के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ किया। आज टपकेश्वर महादेव नगर भ्रमण पर निकले हैं। दो साल बाद टपकेश्वर महादेव की 21वीं भव्य शोभा यात्रा शिवाजी धर्मशाला से शुरू की गई। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शोभायात्रा को रवाना किया।

शोभायात्रा में 10 साल बाद हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई। शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए पहली बार भगवान शिव के 11 रुद्र रूपों की झांकियां निकाली गई। इसमें मथुरा, वृंदावन, उज्जैन आदि के कलाकारों ने प्रस्तुति की । सहारनपुर रोड स्थित शिवाजी धर्मशाला से निकलने वाली शोभायात्रा पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय से शहर के कई मार्गों से होते हुए गढ़ी कैंट स्थित प्राचीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में संपन्न होगी।

महंत कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद तय समय से आज सुबह शोभायात्रा निकाली गई है। दिगंबर रवि गिरी, सेवादल के सदस्य मनमोहन जयसवाल व डीके शर्मा ने बताया कि 10 साल बाद हेलीकॉप्टर से तीन जगह सहारनपुर चौक, घंटाघर और गढ़ी चौक पर पुष्पवर्षा की गई। इससे पहले 2011 में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई थी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, मेयर सुनील उनियाल गामा, टपकेश्वर मंदिर के महंत भरत गिरी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *