राजनीति

CM योगी आदित्यनाथ ने किया मेरठ दौरा

मेरठ:- विधानसभा चुनाव को लेकर अचार सहिंता के खत्म होते ही पार्टिया जोर शोर से प्रचार प्रसार में जुट गयी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी शुक्रवार को मेरठ दौरे पर हैं। सीएम योगी का हेलीकॉप्टर पहले सिविल लाइन पहुंचा और इसके बाद सीएम मेडिकल कॉलेज पहंचे। सीएम योगी ने यहां पर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि भारत का कोविड प्रबंधन पूरे देश में सराहा गया। वहीं मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के बाद सीएम योगी कंकरखेड़ा में पहुंचे। यहां पर महिलाओं और बच्चों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के समर्थन में खूब जयकारे लगे।सीएम योगी के रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान पैर रखने तक की भी जगह नहीं थी। सीएम योगी को देखने के लिए युवा दौड़ते रहे। रोड शो के दौरान सीएम योगी कुछ नहीं बोले। एक गली में जनसंपर्क करने के बाद हस्तिनापुर पहुंच गए हैं। सीएम योगी यहां पांच ब्लॉक से आए पांच सौ कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों के साथ संवाद कर रहे हैं।

सीएम ने किया मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार डेढ़ बजे मेडिकल मेरठ पहुंचे। यहां सीएम योगी ने सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का कंट्रोल रूम देखा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कोविड प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि तीसरी लहर खतरनाक नहीं है। कोरोना से सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। अस्पतालों में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराईं जाएं। हर जनपद में ऑक्सीजन की उपलब्धता है। वैक्सीनेशन से कोरोना कमजोर हुआ है। कोरोना पर स्वदेशी वैक्सीन प्रभावी है। उन्होंने कहा 31 जनवरी तक सभी लोगों को पहली डोज लगा दी जाएगी। सीएम योगी ने कहा श्रमिकों को उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था हमने की। भारत सरकार की तरफ से सभी कार्य किए गए। भारत सरकार के सहयोग से हम ऑक्सीजन में आत्मनिर्भर बने। 551 ऑक्सीजन प्लांट लगाए। मेरठ जनपद में 29 प्लांट लगाए गए, जिसमें 28 क्रियाशील है। वैक्सीन का कार्यक्रम बहुत प्रभावी रहा। पूरे देश में 160 करोड़ वैक्सीन की डोज दी गई है। यहां 41 लाख से अधिक वैक्सीन दी गई है।

टीकाकरण से कमजोर हुई तीसरी लहर
उन्होंने कहा देश में भाजपा की वैक्सीन बताकर प्रचार किया गया, लेकिन हमारे प्रयास सफल हुए। वैक्सीन बहुत प्रभावशाली रही। सिर्फ एक प्रतिशत तक लोग तीसरी लहर में अस्पताल में आए हैं। सीएम योगी ने कहा जीवन और जीविका को बचाने के लिए फ्री में राशन दिए गए। प्रदेश में 15 करोड़ लोग फ्री में राशन ले रहे हैं। 31 जनवरी तक हम प्रदेश में 100 प्रतिशत वैक्सीन की पहली डोज लगवा देंगे। एक डोज ही 75 प्रतिशत तक बचा देती है। दूसरी डोज लेने वालों को सुरक्षा कवच मिल गया है। वर्तमान में केवल नाइट कर्फ्यू है। बहुत जल्द स्कूल-कॉलेज खुलेंगे। सीएम योगी ने कहा कि जो लोग अभी भी वैक्सीन नहीं ले रहे, उनमें जागरुकता बढ़ाएं।बता दें कि मेडिकल कॉलेज के बाद सीएम योगी कंकरखेड़ा के मंगलपुरी और रामनगर में पहुंचे। सीएम योगी यहां भाजपा प्रत्याशी अमित अग्रवाल के पक्ष में घर-घर जनसंपर्क कर वोट मांग रहे हैं। इसके बाद हस्तिनापुर दौरे के लिए रवाना हो जाएंगे।

महिलाओं और बच्चों ने किया सीएम योगी का भव्य स्वागत
वहीं रामनगर कॉलोनी में एक किलोमीटर तक कार्यकर्ताओं, महिलाओं और बच्चों ने योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। वहीं मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आंबेडकर द्वार को गुब्बारों से सजाया गया है। सीएम योगी के भव्य स्वागत के लिए भारी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कड़ा पहरा, स्पेशल कमांडो ने संभाला मोर्चा 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने पूरा खाका तैयार कर लिया। गुरुवार रात में पुलिस के साथ एनएसजी कमांडो ने मोर्चा संभाल लिया है। सीएम का शुक्रवार को कंकरखेड़ा व हस्तिनापुर में आने का कार्यक्रम निर्धारित हो गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा मद्देनजर पुलिस फोर्स लगा दिया गया है। पुलिस की स्पेशल टीम एसएसपी प्रभाकर चौधरी के साथ मुख्यमंत्री के साथ साथ रहेंगी। हालांकि रात में एनएसजी कमांडो ने भी मेरठ में कमान संभाल ली है। सुरक्षा मद्देनजर कई जगहों पर रात में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं देर रात तक पुलिस फोर्स मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा प्लान बनाते रहे। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के मद्देनजर फोर्स लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *