उत्तराखंड

UKSSC paper leak case: एसटीएफ ने एक और आरोपित रूपेंद्र जयसवाल को किया गिरफ्तार

देहरादून: यूकेएसएससी परीक्षा पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान रूपेंद्र जयसवाल के रूप में हुई है। आरोपित आरएमएस टेक्नो सॉल्यूशन कंपनी के मालिक राजेश चौहान का परिचित था। बताया गया कि रूपेंद्र ने ही पेपर आउट करवाया था। आरोपित ने राजेश चौहान से पेपर लेकर नकल गिरोह के सरगना सादिक मूसा को दिया था। रूपेंद्र लंबे समय से फरार चल रहा था जिस पर 10 हजार रूपये इनाम घोषित किया गया था।

वहीं बागेश्वर में पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में लोकतंत्र पटरी से उतर गया है। पेपर लीक के मामले में युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। सरकार सीबीआइ जांच से पीछे हट रही है। इसका मतलब सरकार पेपर लीक मामले में फंस रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर प्रहार किया। पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद टम्टा ने कहा कि केंद्रीय बजट में उत्तराखंड को बड़ी उम्मीद थी। लेकिन बजट ने निराश किया है।

भारत सरकार ने टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग को लेकर लोगों के इंतजार पर पानी फेर दिया है। एक तरफ चीन लगातार अपने प्रोजेक्ट बड़ा रहा है। लेकिन भारत सरकार इस और ध्यान नहीं दे रही है। जबकि रेल लाइन राष्ट्रीय प्रोजेक्ट के अंदर आना चाहिए था। कहा कि भारत माला प्रोजेक्ट में शामिल शामा-मुनस्यारी मोटर मार्ग पर कोई काम नहीं हो सका है। पर्यटन उद्योग को झटका लगा है। हल्द्वानी से वाया अल्मोड़ा, बागेश्वर, मुनस्यारी सड़क का भी काम शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि सरकार घोषणाओं का पुलिंदा बांध रही है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गढ़वाल मंडल में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कई राष्ट्रीय प्रोजेक्ट में भी योजनाएं शामिल हैं। लेकिन कुमाऊं मंडल की उपेक्षा की जा रही है। कुमाऊं में पर्यटन उद्योग डूब चुका है। ग्रीन बोनस के नाम पर जुमला दिया गया है। कहा कि पुरानी पेंशन योजना का कांग्रेस लगातार समर्थन करती है। कांग्रेस की सरकार बनते ही योजना को लागू किया जाएगा। कांग्रेस की कई सरकारों ने पेंशन योजना लागू कर दी है। एनपीएस कर्मचारियों के साथ छलावा है। जिसका उदाहरण सभी को दिख रहा है। अदाणी को दिया गया कर्ज एनपीएस का ही पैसा है, जो लगभग डूब चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केंद्र में आएगी तो पुरानी पेंशन लागू होगी। अग्निवीर योजना को खत्म किया जाएगा। सेना का व्यापारीकरण नहीं होने देंगे। देश का गौरव सेना है। इस दौरान पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपं अध्‍यक्ष हरीश ऐठानी, कवि जोशी, गोकुल परिहार आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *