मनोरंजन

लॉक अप रियलिटी शो की पहली प्रतिभागी अभिनेत्री पूनम पांडे बनेंगी

मुंबई: एकता कपूर ने हाल में अपने रियलिटी शो लॉक अप: बेडऐस जेल, अत्याचारी खेल का आधिकारिक ऐलान किया है। एकता के इस शो को मशहूर अभिनेत्री कंगना रनौत होस्ट करेंगी। इस शो का फॉर्मेट बिग बॉस से काफी मिलता-जुलता होगा। अब इस शो के पहले प्रतिभागी का नाम सामने आ चुका है। ऐसी चर्चा है कि अभिनेत्री पूनम पांडे शो की पहली प्रतिभागी बनेंगी। वह शो में अपने बोल्डनेस का तडक़ा लगाएंगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, कंगना के शो लॉक अप में पहली प्रतिभागी के रूप में पूनम की एंट्री होगी। एक सूत्र ने बताया, विवादित एक्ट्रेस पूनम इस रियलिटी शो का हिस्सा बनेंगी। वह 16 प्रतिभागियों में से पहली प्रतियोगी हैं, जिन्हें एक महीने के लिए लॉक अप में रखा जाएगा। यह पूनम का पहला रियलिटी शो होगा। पूनम अपनी बोल्डनेस के कारण सोशल मीडिया पर ज्यादा चर्चा में बनी रहती हैं।

सूत्र की मानें तो कंगना का यह शो सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आएगा, इसलिए इसमें सेंसरशिप की कोई गुंजाइश नहीं है। ऐसे में पूनम का बोल्ड अवतार शो में मसालेदार तडक़ा लगाएगा। एएलटी बालाजी और एमएक्स प्लेयर अपने-अपने प्लेटफॉर्म पर इस शो को 24&7 लाइवस्ट्रीम करेंगे और दर्शकों को सीधे प्रतियोगियों से रूबरू कराएंगे। दर्शकों को अपने चुने हुए प्रतियोगियों को दंडित करने या पुरस्कार देने का विकल्प दिया जाएगा।

ऐसी भी चर्चा है कि दर्शकों को इनमें से कुछ प्रतिभागियों के लिए खबरी बनने का भी मौका दिया जाएगा। एंडेमोल शाइन इंडिया द्वारा शो का निर्माण किया जाएगा। शो का प्रसारण 27 फरवरी से एएलटी बालाजी और एमएक्स प्लेयर पर होगा। इस शो में 16 विवादित सेलिब्रिटीज एक घर या लॉक अप में बंद होंगे एक महीने के लिए। हालांकि, फिलहाल पूनम के अलावा बाकी सेलिब्रिटीज की सूची सामने नहीं आई है।

खास बात यह है कि इसके जरिए कंगना पहली बार किसी शो को होस्ट करती दिखेंगी। बिग बॉस की तरह सेट पर कैमरे लगे होंगे और प्रतियोगियों को टास्क दिए जाएंगे। दर्शकों ने पहले कभी इस तरह का शो नहीं देखा होगा। पूनम ने एक मॉडल के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बॉलीवुड में एक्टिंग करियर की शुरुआत नशा से की थी। हालांकि, वह फिल्मों में खास पहचान नहीं बना पाईं। वह खतरों के खिलाड़ी जैसे टीवी शो में नजर आ चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *