राजनीति

हमीरपुर लोकसभा में हुआ 360 डिग्री विकास : अनुराग ठाकुर

शिमला:- केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस वोट बैंक व तुष्टिकरण की जबकि भाजपा समान रूप से विकास की नीति पर कार्य करती है। कांग्रेस आएगी तो आप पर वसूली और विरासत टैक्स लगाएगी, भाजपा आएगी तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाएगी। आज आपके सामने एक ओर कांग्रेस है जिनकी सारी गारंटियाँ फेल हैं और दूसरी ओर मोदी जी हैं जिनकी सभी गारंटीयों के पूरे होने की गारंटी है। उनका ट्रैक रिकॉर्ड गबन, वसूली और भ्रष्टाचार का है। हमारा ट्रैक रिकॉर्ड सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का है।

अनुराग ठाकुर ने उक्त बातें अपने हिमाचल प्रवास के तीसरे दिन कहीं। अनुराग ठाकुर ने आज सर्वप्रथम भोरंज विधानसभा में जनसभा को संबोधित किया और इसके पश्चात हमीरपुर विधानसभा में पन्ना प्रमुख सम्मेलन, आईटी सोशल मीडिया कार्यशाला, वरिष्ठ नागरिक विशेष संपर्क अभियान और व्यापारी संपर्क अभियान में भाग लिया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस द्वारा की जा रही वोट बैंक पॉलिटिक्स के सख्त खिलाफ है। कांग्रेस वोट बैंक व तुष्टिकरण की राजनीति करती है जबकि भाजपा एक समान रूप से विकास की नीति में भरोसा करती है। हम अपिजमेंट पॉलिटिक्स में नहीं बल्कि सबका साथ और सबका विकास में विश्वास रखते हैं। पिछले 10 वर्षों में अगर 25 करोड़ भारतीय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं तो उसमें हिंदू भी हैं और मुसलमान भी हैं। अगर 4 करोड़ पक्के आवास, 13 करोड़ नल से जल, 12 करोड़ शौचालय, 11 करोड़ रसोई गैस सिलेंडर, 60 करोड लोगों को मुफ्त इलाज और 81 करोड लोगों को मुफ्त अनाज मिला है तो उसमें कोई भेदभाव नहीं हुआ है। सभी को जनसंख्या के अनुपात से समान रूप से लाभ मिला है।
कांग्रेस की बुरी नजर अब आपकी संपत्ति पर है। कांग्रेस आपकी मृत्यु के बाद आपकी संपत्ति आपके संतानों को न देकर अपने वोट बैंक को देना चाहती है। इसीलिए ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है”

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज हमने हर तरफ से हिमाचल को कनेक्टिविटी के मामले में बेहतरीन बनाया है। आज धर्मशाला, पठानकोट और जम्मू के लिए फोरलेन हाईवे पूरी तेज़ी के साथ बन रहा है। अभी यहां से पठानकोट जाने में लगभग 4.5 घंटे लगते हैं। इस हाइवे के बन जाने से आप मात्र 2 घंटे में पठानकोट पहुंच जाएंगे। आज हमीरपुर मंडी धरमपुर की सड़क पर 1200 करोड रुपए की लागत से बन रही है। आज किरतपुर-नेरचौक फोर लेन रोड बनकर तैयार हो चुका है। मटौर-हमीरपुर-बिलासपुर शिमला फ़ोर लेन, नेर चौक फ़ोर लेन बनवा कर तैयार करवाया जा चुका है। आज कई जगह बस के किराए ₹40 सस्ते हो चुके हैं। जल्द ट्रेन के आ जाने से समय और किराए दोनो में और कमी आएगी। आज जनता के आशीर्वाद से मैंने ऊना से हरिद्वार, खाटू श्याम, कोलकाता, नांदेड साहब, वृंदावन, मथुरा, ओंकारेश्वर, ग्वालियर, आगरा, इंदौर और महाकाल लोक तक ट्रेन चलवा दी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *