राष्ट्रीय

बस चालक की लापरवाही से पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस

बहादुरगढ़:- खाटू श्याम के दर्शन करके घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे- पर पलट गई। इससे बस में सवार 34 यात्री जख्मी हो गए। इनमें बच्चे व महिलाएं भी शामिल हैं। चार की हालत गंभीर है। उन्हें रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया। यात्रियों का कहना कि बस चालक की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सभी घायल दिल्ली के करावल नगर के रहने वाले हैं। सभी खाटू श्याम के दर्शनों के लिए गए थे। सोमवार की अल सुबह घर लौट रहे थे। जब उनकी बस सुबह साढ़े चार से पांच बजे के बीच रोहद गांव के पास पहुंची, तभी बस अनियंत्रित हुई और सड़क पर पलट गई।

इससे चीख पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायलों को बस से निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सिविल अस्पताल लाया गया। घायलों में सुनील, मीनाक्षी, शालू, सुधा, विशाल, सोनी, सरोज देवी, आशा, कुशल, गौरव, कृष्ण कुमार, रामसागर, डोला, चमनलाल, दीपक, नीतू, भूषण, राजेंद्र, ओमवती, जतिन, नूनालाल, रिया, रोसिया, अशोक, धूपचंद, राजेश, रविंद्र, राजेश, आकाश, सुमित, निखिल, निशा, रवि, तेजपाल, रमित व रोहित शामिल हैं। इनमें से एक वर्षीय कुशल समेत चार को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। हालांकि आसौदा पुलिस वहां पर पहुंची तो घायलों से संपर्क नहीं हो पाया।

किसी का फोन बंद मिला तो किसी ने इलाज के बाद घर जाने की बात कही। बस में 60 से ज्यादा श्रद्धालु थे। अस्पताल में घायल श्रद्धालुओं ने बस चालक की लापरवाही को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। यात्रियों का कहना था कि चालक सही तरीके से बस नहीं चला रहा था। बीच में उसे टोका भी था। एक बार तो वह गलत रास्ते पर भी पहुंच गया। बाद में बस को वापस लेकर आया। चालक की लापरवाही से ही यह घटना हुई। कई श्रद्धालुओं ने बस चालक नशे में होने और बस पलटने के बाद फरार होने की बात कही। मगर इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *