गंगोत्री NH पर कंडीसौड़ तहसील के पास हुआ हादसा, पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे सभी 6 मृतक
टिहरी:- टिहरी में आज दिन में हुए एक बड़े हादसे में यहां गंगोत्री एनएच पर कंडीसौड़ तहसील के पास एक बोलेरो खाई में गिर गई। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिली है कि सभी मृतक पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के हादसा आज दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ। गंगोत्री राजमार्ग पर कंडीसौड़ तहसील के पास कोटी गाड (बरसाती नाला) में बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। बताया जा रहा है कि बोलेरो वाहन चंबा से उत्तरकाशी की तरफ जा रहा था। कंडीसौड़ से पहले कोटी गाड में वाहन अनियंत्रित हो गया और पैराफीट तोड़ते हुए खाई में गिर गया जिसमें बाद में आग लग गई।
स्थानीय निवासियों ने वाहन खाई में गिरते हुए देखा तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहन में लगी आग पानी डालकर बुझाई। साथ ही हादसे की सूचना प्रशासन को दी। इस संबंध में तहसीलदार किशन सिंह महंत ने बताया कि वाहन में छह लोग सवार थे। इनमें पांच पुरुष और एक महिला शामिल हैं। तीन शव वाहन के अंदर ही थे, जो आग में जल गए हैं, जबकि तीन शव वाहन से बाहर पड़े थे।