ब्रज में लड्डू होली के साथ रंगोत्सव का उल्लास, मथुरा के बरसाना में विश्व प्रसिद्ध लठमार होली की धूम
उत्तरप्रदेश: ब्रज में लड्डू होली के साथ रंगोत्सव का उल्लास चरम पर पहुंच गया है। मथुरा के बरसाना में विश्व प्रसिद्ध लठमार होली की धूम मची हुई है। आज बरसाना की राधारानी स्वरूप गोपियां नंदगांव के हुरियारों पर प्रेमपगी लाठियां बरसाएंगी। लाठियों संग होली के रंग बरसेंगे। इसे लेकर शुक्रवार सुबह से राधानगरी में उत्साह और उल्लास छाया हुआ है। इस अनूठी परंपरा का साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु बरसाना पहुंच गए हैं। ब्रज में उत्सव का माहौल है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से जगह-जगह रंगोत्सव के तहत आयोजन हो रहे हैं। इसमें लोक कलाकार ब्रज की संस्कृति के रंग बिखेर रहे हैं।
नंदगांव के हुरियारों को गुरुवार को बरसाना में होली खेलने का निमंत्रण भेजा गया। न्योता मिलने के बाद हुरियारे अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए। शुक्रवार को बरसाना प्रस्थान से पूर्व गोस्वामीजनों द्वारा चौपाई निकाली गई। इधर, रंगोत्सव में पूरा बरसाना झूम रहा है।
नंदगांव के हुरियारे बरसाना जाते समय संकेतवट मार्ग से प्रियाकुंड पहुंचेंगे। जहां बरसाना के लोग उनकी अगवानी भांग-ठंडाई और रंग-गुलाल आदि लगाकर करेंगे। शाम को करीब साढ़े चार बजे रंगों की होली खेली जाएगी। समाज गायन के बाद रंगीली चौक पर लठामार होली का आयोजन होगा।
हंसी, ठिठोली, गाली, अबीर-गुलाल और लाठियों से खेली जाने वाली इस अनूठी होली को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बरसाना पहुंच गए हैं। सुबह से ही राधारानी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पूरा बरसाना राधे-राधे के जयकारों से गूंज रहा है। बरसाना में विश्व प्रसिद्ध लठामार होली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे बरसाना कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा 24 से ज्यादा स्थानों पर पार्किंग भी बनाई गई है।