राजनीति

तीसरे चरण के प्रचार का आज अंतिम दिन, सीएम योगी आदित्यनाथ और अखिलेश करेंगे अंतिम जनसभा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सात चरण में हो रहे विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में प्रचार आज शाम पांच बजे से खत्म हो जाएगा। भाजपा, सपा, बसपा तथा कांग्रेस ने अपना जोर लगा रखा है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मैनपुरी को एक बार फिर मथेंगे तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव जालौन में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद कानपुर शहर में समाजवादी विजय रथ पर सवार होकर जनसंपर्क करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ के सरोजनीनगर में सभा करेंगे। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का भी शुक्रवार को झांसी के साथ ललितपुर तथा रायबरेली का दौरा है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण के मतदान वाले 16 जिलों की 55 विधानसभा क्षेत्र में शाम पांच बजे से प्रचार पर रोक लग जाएगी। भाजपा के साथ ही सभी दलों ने प्रचार में ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मैनपुरी में चुनाव प्रचार करेंगे तो जालौन में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह भी अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाएंगे।

सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मैनपुरी में सभा करेंगे। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनका मैनपुरी का दूसरा दौरा है। गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को करहल में चुनावी सभा की थी। मुख्यमंत्री आज मैनपुरी सदर और घिरोर में जनसभा को संबोधित करेंगे।सीएम योगी आदित्यनाथ की मैनपुरी के बाद कानपुर, उन्नाव तथा लखनऊ में जनसभा होगी।

अखिलेश यादव शुक्रवार को जालौन के माधवगढ़ में चुनावी जनसभा के बाद कानपुर शहर पहुंचेंगे। कानपुर में वह समाजवादी विजय रथ पर सवार होंगे। उनका विजय रथ कानपुर कैंट, सीसामऊ और आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र में रहेगा। उनकी यात्रा मीरपुर से शुरू होकर फूलबाग, नयागंज, घंटाघर, मूलगंज, नई सड़क, परेड, यतीमखाना, रूपम चौराहा, नाला रोड तथा पी रोड में भ्रमण करेगा। कानपुर में सीसामऊ तथा आर्यनगर की सीट समाजवादी पार्टी के पास है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज जालौन के बाद कानपुर तथा उन्नाव के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कार्यकर्ता सम्मेलन, रथ यात्रा व जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य मैनपुरी की बरनाहल और कुरावली में जनसभा करेंगे। इसके साथ ही उनका करहल और मैनपुरी सदर विधानसभा क्षेत्र में जनसभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा प्रत्याशी राजेश्वर सिंह के समर्थन में सरोजिनी नगर विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार करेंगे। वह जनसंपर्क कर राजेश्वर सिंह के समर्थन में वोट मांगेंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज झांसी के मऊरानीपुर, ललितपुर के मेहरौनी तथा रायबरेली के ऊंचाहार में भाजपा प्रत्याशियो के समर्थन में सभाएं करेंगे। केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को ललितपुर विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार करेंगे। वह भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनसंपर्क करने के साथ यहां चुनावी सभाओं को भी संबोधित करेंगे।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का आज बांदा का भी दौरा है। बांदा के बबेरू के पशु बाजार ग्राउंड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जनसभा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *