राष्ट्रीय

दिल्ली, बिहार समेत राजस्थान में बदला मौसम का तेवर, IMD का येलो अलर्ट जारी

उत्तरी महाराष्ट्र दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश पूर्व गुजरात और दक्षिण राजस्थान में 25-27 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तेज गरज के साथ छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बता दें कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है जिसमें तमिलनाडु और केरल शामिल है। IMD ने उत्तरी केरल तमिलनाडु और माहे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण राजस्थान में 26 नवंबर को भारी वर्षा के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। वहीं, 27 नवंबर को पश्चिम मध्य प्रदेश से सटे हुए पूर्वी क्षेत्र में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलेगी।

IMD ने लोगों से सावधानियां बरतनें और जल भराव, कच्चे रास्तों व भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने पश्चिम मध्य प्रदेश, दक्षिण राजस्थान, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर मराठवाड़ा, उत्तर मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

25 से 27 के बीच कहां-कहां होगी बारिश?

उत्तरी महाराष्ट्र, दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्व गुजरात और दक्षिण राजस्थान में 25 से 27 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, तेज गरज के साथ छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बता दें कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिसमें तमिलनाडु और केरल शामिल है। IMD ने उत्तरी केरल, तमिलनाडु और माहे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले दो दिनों में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और दक्षिण राजस्थान में भारी बारिश होने की संभावना है।

26-28 नवंबर के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। 27 नवंबर को उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि होगी। IMD ने मछुआरों को 26-27 नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर और 27 और 28 नवंबर को बंगाल की खाड़ी के दक्षिणपूर्व और 28 और 29 नवंबर को बंगाल की मध्य खाड़ी से सटे दक्षिण में न जाने की सलाह दी है।

30 नवंबर से 6 दिसंबर के बीच कैसा रहेगा मौसम?

IMD ने 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक के मौसम की भविष्यवाणी की है, जिसके मुताबिक पूर्वी लहर के सक्रिय न होने के कारण दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के प्रभावित होने की संभावना है। इस हफ्ते के दौरान, देश के अधिकांश हिस्सों को छोड़कर बाकी हिस्सों में वर्षा गतिविधि सामान्य के करीब रहने की संभावना है। तटीय ओडिशा, तटीय गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों पर तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

बिहार में बदला मौसम का मिजाज

छठ महापर्व के बाद बिहार में मौसम ने अचानक से करवट लिया है। राजधानी पटना सहित 22 शहरों के न्यूनतम तापमान में कमी आई है। पछुआ के प्रभाव से सबसे अधिक तापमान में गिरावट भागलपुर के बांका जिले में दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पछुआ के प्रभाव से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। पटना सहित कई इलाकों में कोहरा और धुंध छाया रहेगा।

दिल्ली में ठंड ने दी दस्तक

आज राष्ट्रीय राजधानी में सुबह-सुबह हल्की धुंध छाई रही। AccuWeather के मुताबिक, दिल्ली में आज सुबह का अधिकतम तापमान हल्के कोहरे के साथ 25 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। 24 नवंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार सुबह दिल्ली में हल्के कोहरे के साथ धुंध जमी रही और दिन में धूप खिलने की संभावना है।

पंजाब में ठंड ने पसारे पैर

पंजाब में भी ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम हल्की धुंध छाई रही। मौसम विभाग के मुताबिक, आज आसमान में धूप खिलने के साथ-साथ बादल छाए रहने की भी संभावना है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्‍यूनतम 13 डिग्री होगा। 27 नवंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा व बठिंडा को छोड़कर पंजाब के सभी जिलों में बूंदाबांदी व हल्की वर्षा की संभावना है।

वहीं, हरियाणा में भी प्रदूषण में कमी आने के बाद ठंड बढ़ गई है। रात के समय तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई है। ऐसे में अगर बारिश हुई तो तापमान में और गिरावट आ जाएगी।

हिमाचल में लुढ़का पारा

हिमाचल में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शिमला, मंडी, सुंदरनगर, सोलन में ठंड बढ़ गई है। शिमला का अधिकतम तापमान 8.2 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 27 नवंबर को चंबा और बिलासपुर में आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान ऊंचे क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर बर्फबारी की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *